फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। जीआरपी, आरपीएफ, शहर कोतवाली पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वॉड के साथ स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों व सामान की गहन जांच की।
सुरक्षा टीमों ने कन्नौज से बुलाए गए डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेनों में यात्रियों के झोले, बैग, ट्रॉली और अन्य सामान की तलाशी ली। इसके अलावा प्लेटफॉर्म, पार्किंग क्षेत्र, बुकिंग हॉल, ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सघन जांच की गई।
त्योहार के चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे अपने सामान की सुरक्षा खुद भी सुनिश्चित करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल जीआरपी या सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें।
संयुक्त अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें त्योहार के दौरान स्टेशन पर लगातार निगरानी बनाए रखेंगी।


