नवाबगंज। बराकेशव गांव में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का चकबंदी विभाग की कार्रवाई और किसानों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। किसानों ने प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो करीब 1000 ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। जिला संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करता, तब तक धरना जारी रहेगा।
किसान नेताओं ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि चुनाव के दौरान किसानों के बीच पहुंचकर समर्थन मांगने वाले जनप्रतिनिधियों को अब किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए। किसानों पर मुकदमे दर्ज होने के बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
किसान संगठन के अनुसार 8 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष बाबा राजपाल शर्मा बराकेशव पहुंचेंगे। उनके पहुंचने के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। किसानों ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन भी धरना जारी रहेगा और धरना स्थल पर ही बहनों द्वारा किसानों को राखी बांधी जाएगी।


