30 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

यूपी में अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी: सीएम योगी

Must read

 

हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में मिलेंगे नियुक्ति पत्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरण पूरे होने के साथ हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार अब तक 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने में सफल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी नियुक्ति प्रक्रिया में भेदभाव या अनियमितता की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।

नकल माफिया की कमर तोड़ेंगे

सीएम योगी ने कहा कि सरकार नकल माफिया की कमर तोड़ने के साथ ही विभिन्न संस्थानों में बैठे ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी, जो भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना भेदभाव के होने से प्रदेश को उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले भर्ती विज्ञापन निकलने के बाद अभ्यर्थियों को लंबे समय तक परिणाम का इंतजार करना पड़ता था और कई मामलों में विवाद अदालत तक पहुंच जाते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

आज 3572 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिव शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस ऐलान से प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को आगामी भर्तियों की उम्मीद जगी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article