– जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने किया शुभारंभ
– विजेताओं को मेडल देकर किया सम्मानित
फर्रुखाबाद। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को फतेहगढ़ स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में चौथी जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अदिति सिंह ने सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी।
जिलाधिकारी का प्रिया साध ने पुष्पगुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध और सचिव अजय प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, ताइक्वांडो प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल, सोशल मीडिया से जुड़े लोग, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर अपर जिला जज, फैमिली कोर्ट श्रीमती अंजू कुशवाह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


