चंदौली: यूपी के चंदौली (Chandauli) में शहाबगंज थाना क्षेत्र के कीड़ीहीरा गांव में बिजली कनेक्शन काटने (electricity disconnection) को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ मनबढ़ लोगों ने एक पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि गांव में बिजली कनेक्शन काटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट की पूरी घटना किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शहाबगंज थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना में घायल लोगों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


