फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद (Farrukhabad) में कायमगंज कोतवाली इलाके के जहानपुर गांव (Jahanpur Village) में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रसीदाबाद बल्लभ गांव में गुरुवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही पांच वर्ष की छात्रा सौम्या मुख्य मार्ग के किनारे बने एक खुले कुएं (well) पर रखी पटिया टूटने से सीधे अंदर जा गिरी। सौम्या नाम की यह छात्रा अपनी बड़ी बहन अनन्या के साथ प्राथमिक विद्यालय से घर लौट रही थी, हादसे के समय दोनों बहन साथ में थी तभी कुएं की पटिया टूट गई और सौम्या कुएं में गिर गई।
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पटिया टूटने से सौम्या सीधे कुएं में जा गिरी। बहन के तुरंत शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और प्रशासन को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुआं करीब 50 फीट गहरा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया।
एसडीएम, सीओ, इंस्पेक्टर, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक टीम के संयुक्त प्रयासों से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। छात्रा को तुरंत (CHC) कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है।


