28.2 C
Lucknow
Sunday, October 11, 2026

तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने दूध की ठेली में मारी टक्कर, सड़क पर बहा एक कुंतल दूध

Must read

फर्रुखाबाद। शहर में ई-रिक्शा की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह कादरी गेट चौराहे के पास पांचाल घाट मार्ग पर तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने दूध से लदी चार पहिया ठेली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ठेली पलट गई और उस पर रखा करीब एक कुंतल दूध सड़क पर फैल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद मौके पर पुलिसकर्मियों के नजर नहीं आने को लेकर सवाल उठे।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे लकूला की ओर से एक कर्मचारी चार पहिया ठेली लेकर आ रहा था। ठेली पर मिठाई विक्रेता का दूध रखा हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ई-रिक्शा ने ठेली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ठेली पलट गई और उस पर रखा दूध सड़क पर बहने लगा। इससे दूध का नुकसान हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि ठेली से पीछे आ रहे एक अन्य ई-रिक्शा की भी टक्कर हुई। हादसे के बाद पहले ई-रिक्शा का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं, दूसरे ई-रिक्शा चालक के साथ भीड़ द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे का स्थान कादरी गेट पुलिस चौकी से कुछ ही कदम की दूरी पर बताया जा रहा है। इसके बावजूद घटना के समय मौके पर पुलिसकर्मियों के दिखाई नहीं देने की बात सामने आई। चौकी इंचार्ज केके कश्यप ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article