फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी महानगर की मासिक बैठक महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा के बजरिया सालिगराम स्थित आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी ने किया। बैठक में बढ़ती महंगाई समेत जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।
महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा एथनॉल मिश्रण से किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिलने और आम जनता को सस्ता पेट्रोल उपलब्ध होने की बात कही गई थी, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि एथनॉल मिश्रण के बावजूद पेट्रोल की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई। उनके अनुसार एथनॉल युक्त पेट्रोल के इस्तेमाल से कई वाहनों में तकनीकी समस्याओं और माइलेज कम होने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा।
राघव दत्त मिश्रा ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गन्ने का इस्तेमाल पेट्रोल निर्माण में बढ़ने से चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने त्योहारों की खुशियों को भी प्रभावित किया है और आगामी रक्षाबंधन पर मिठास का खर्च आम परिवारों के बजट पर भारी पड़ रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बढ़ती महंगाई और जनसमस्याओं से निजात के लिए वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी को मजबूत करें और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
प्रदेश सचिव अधिवक्ता सभा अमित यादव उर्फ गोल्डी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा सरकार को उत्तर प्रदेश से हटाने का काम करेगी।
बैठक में खुर्शीद खान, ओम प्रकाश शर्मा, अभिषेक गुप्ता, अमन भारद्वाज अधिवक्ता, ओमकार शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।
इस दौरान पूर्व सभासद कुलदीप भारद्वाज, अधिवक्ता ऋषि अवस्थी, कुलदीप राठौर, अमित बाथम, छोटू शुक्ला, टीटू यादव, वीना शर्मा, यूनुस अंसारी, रवि बाल्मीकि, हरिओम सक्सेना, ठाकुर जयवीर सिंह, सत्यम अवस्थी, अतुल वर्मा, सचिन गुप्ता, अमित यादव खंडिया, डॉ. शिवम अवस्थी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महंगाई पर सपा का भाजपा सरकार पर हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया आह्वान


