कमालगंज। क्षेत्र के भोजपुर में पुलिया धंस जाने से करीब आधा दर्जन गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
यह पुलिया भोजपुर को संतोषपुर, ढपलपुर, धारानगला समेत लगभग आधा दर्जन गांवों से जोड़ती है। पुलिया के धंसने से इन गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हो रही है। क्षतिग्रस्त हिस्से से वाहन निकालते समय किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चे, किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीण इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। पुलिया की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।


