कांवड़ियों की भीड़ से थमा यातायात
फर्रुखाबाद। सावन माह के अंतिम दिनों में कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के चलते बुधवार सुबह पांचालघाट-जमापुर मार्ग पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पांचालघाट पुल से चांदपुर होते हुए दीनदयाल बाग तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में स्कूली वाहन भी फंस गए, जिससे बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पांचालघाट पुल से जमापुर की ओर बड़ी संख्या में कांवड़िये और डाक कांवड़िये गुजर रहे हैं। शिवभक्तों की संख्या बढ़ने के कारण मार्ग पर वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ गया। पुलिस ने कांवड़ियों को सुरक्षित निकालने के लिए एक लेन निर्धारित की, जबकि दूसरी लेन से सामान्य वाहनों को निकाला गया।
सुबह वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। कार, बस और अन्य छोटे-बड़े वाहनों के साथ स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए। कई वाहन चालकों को काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा।
पुलिसकर्मी मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते रहे और कांवड़ियों को सुरक्षित आगे बढ़ाने का प्रयास करते रहे। हालांकि कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या और वाहनों के भारी दबाव के कारण यातायात सामान्य करने में काफी समय लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के अंतिम दिनों में कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पांचालघाट-जमापुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और बेहतर यातायात प्रबंधन की जरूरत है।


