37.3 C
Lucknow
Wednesday, August 12, 2026

पत्नी की हत्या कर मां से बोला ‘तेरी बहू को मार दिया, मैं जा रहा हूं’

Must read

 

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र के देवरामपुर गांव में मंगलवार देर रात महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने घर की पहली मंजिल पर सो रही पत्नी मीरा वर्मा की किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति सनी वर्मा अपनी मां से यह कहकर फरार हो गया कि उसने बहू को मार दिया है। घटना के समय दंपती के चार बच्चे मकान के निचले हिस्से में सो रहे थे।

परिजनों के मुताबिक मीरा की शादी करीब 15 वर्ष पहले सनी से हुई थी। दंपती के चार बच्चे राम, दुर्गा, श्याम और खुशी हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों ने खाना खाया और इसके बाद पहली मंजिल पर सोने चले गए। रात में पति ने कथित तौर पर मीरा पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। हत्या के बाद वह नीचे आया और अपनी मां सरस्वती को घटना की जानकारी देकर घर से निकल गया।

बताया गया कि आरोपी नशे का आदी था और परिवार में विवाद के दौरान पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रात करीब 11:15 बजे आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। गांव के प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और रात 12:27 बजे डायल-112 पर भी सूचना दर्ज कराई गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव पहली मंजिल पर पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार आरोपी ने अपने पिता को भी धक्का दिया और मौके से भाग गया।

पुलिस को घटनास्थल से आरोपी का मोबाइल फोन मिला, जबकि मृतका का मोबाइल उसके पास होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन को जांच में शामिल किया है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, सीओ सिटी अभय वर्मा और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश में रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article