10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के तहत चार विद्यालयों में 1563 विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
फर्रुखाबाद। ब्रह्माकुमारीज के 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत फर्रुखाबाद में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चार विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर कुल 1563 विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम बीके शोभा दीदी के संरक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बीके पूनम बहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, मन, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, सकारात्मक चिंतन और श्रेष्ठ कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ और सशक्त समाज की मजबूत नींव बन सकते हैं।
इस दौरान एकता बहन ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत स्वामी रामानंद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रीता दुबे की अध्यक्षता में 950 छात्राओं ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली। गीतिका रस्तोगी हाई सेकेंडरी स्कूल में सहायक अध्यापक राजीव दीक्षित के संरक्षण में 225 विद्यार्थियों, डॉ. बीआर आंबेडकर आदर्श प्राथमिक विद्यालय में प्रबंधक देव कुमार शर्मा के संरक्षण में 288 विद्यार्थियों तथा सनराइज पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य शिवराज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 100 विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारवान जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।


