पटना: बिहार में गोबर (cow dung) फेंकने को लेकर हुए झगड़े में 65 साल के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या (Murder) कर दी गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है। यह घटना शुक्रवार शाम राज्य की राजधानी से लगभग 35 किलोमीटर दक्षिण में धनरुआ में हुई। पुलिस के अनुसार, गोबर फेंकने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच बहस हुई जो बाद में लड़ाई में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों ने लाठी, लोहे की छड़ और ईंटों का जमकर इस्तेमाल किया।
मृतक की पहचान लालकेश्वर यादव के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति टुनटुन यादव है। उसका गहन इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि लालकेश्वर और टुनटुन अगल-बगल के घरों में रहते थे। टुनटुन, जो कुछ मवेशी पालता था, कथित तौर पर अपने पड़ोसी के घर के पास गोबर फेंकता था। लालकेश्वर ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि इससे नालियां जाम हो जाती हैं और गंदगी फैलती है।
पुलिस के अनुसार, झगड़े की एक और वजह यह थी कि टुनटुन कभी-कभी खाना पकाने के ईंधन के तौर पर इस्तेमाल होने वाले गोबर के उपलों को सूखने के लिए लालकेश्वर के घर की दीवारों पर चिपका देता था। धनरुआ थाने के SHO अमित कुमार ने बताया, “शुक्रवार को विवाद बढ़ गया और हिंसक हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके।
एक व्यक्ति ने लालकेश्वर के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। उनके परिवार वाले उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहाँ चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।” इस घटना के बाद पाँच नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उनमें से एक, अर्जुन यादव को इलाके के कांटाहीचक गाँव से गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।


