ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 15 मिनट के भीतर दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर इतिहास रच दिया। जूडो में अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की हेइडी क्वाच को 2-1 से हराकर भारत को पहला गोल्ड दिलाया। इसके तुरंत बाद हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज को 10-0 से शिकस्त देकर दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया। कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत ने पहली बार जूडो में गोल्ड हासिल किया है।
इन दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 19 पहुंच गई है। भारतीय दल के खाते में अब 5 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल हैं, जिससे टीम पदक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं जूडो में यामिनी मौर्य भी महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उतरने वाली हैं, जिससे भारत को एक और स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
उधर बॉक्सिंग में भी भारत का दबदबा कायम है। प्रीति पवार, जैस्मीन लम्बोरिया, अरुंधति चौधरी, अंकुश पंघाल और जादुमणि सिंह फाइनल में पहुंच चुके हैं और कम से कम रजत पदक पक्का कर चुके हैं। इन सभी से स्वर्ण पदक की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं देर रात होने वाले जेवलिन थ्रो फाइनल में स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा पर भी देश की निगाहें टिकी हैं, जहां उनका मुकाबला पाकिस्तान के अरशद नदीम समेत मजबूत प्रतिद्वंद्वियों से होगा। इसके अलावा लॉन बॉल्स में भारतीय पुरुष पेयर्स टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।


