मुंबई/अकोला। महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम में चयन नहीं होने के कारण वह गहरे तनाव में थी।
बताया जा रहा है कि अदिति पिछले दो वर्षों से नागपुर में रहकर क्रिकेट की नियमित प्रैक्टिस कर रही थी और विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम में जगह बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही थी। हाल ही में चयन सूची में नाम नहीं आने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में चयन न होने के कारण तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही की जाएगी।
यह घटना खेल जगत में उभरते खिलाड़ियों पर बढ़ते मानसिक दबाव और मनोवैज्ञानिक सहयोग की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।


