नोएडा। सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक्वेट की लिफ्ट अचानक झटके के साथ बीच में रुक गई। लिफ्ट में सवार करीब आधा दर्जन लोग लगभग 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार, बैंक्वेट हॉल में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौजूद थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच में अटक गई, जिससे उसमें सवार लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक्वेट प्रबंधन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या गंभीर चोट नहीं हुई।
घटना के बाद बैंक्वेट हॉल की लिफ्ट की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी का मामला माना जा रहा है। वहीं, कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना ने बैंक्वेट हॉल में सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों के नियमित रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


