फर्रुखाबाद। जन अधिकार पार्टी (कृष्णा पटेल गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। पार्टी ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं तथा विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष राहुल शाक्य के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने तथा गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा करने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रदर्शन के दौरान मृत और घायल छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई। पार्टी पदाधिकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार है और उनके अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।
इसके अलावा जन अधिकार पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया में सुधार की मांग करते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने तथा ग्राम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में निजी संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने और प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए शराब की दुकानों को बंद करने अथवा उनकी संख्या सीमित किए जाने की भी मांग की गई।
NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में जन अधिकार पार्टी ने सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन


