=सीसीबी हॉस्पिटल में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की शुरूआत
=सीएमओ ने चिकित्सकों की सराहना की
यूथ इंडिया, फर्रूखाबाद
(संदीप सक्सेना)
डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर में शनिवार को नवनिर्मित सीसीबी (क्रिटिकल केयर ब्लॉक) में चिकित्सा सेवाओं का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर नए ब्लॉक में पहला ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जिसे अस्पताल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पहला सफल ऑपरेशन पड़ोसी जनपद हरदोई के नारायणपुर गांव निवासी 18 वर्षीय राखी पुत्री गंगासागर का किया गया। परिजनों के अनुसार राखी पिछले करीब तीन वर्षों से सीने में गांठ की समस्या से पीडि़त थी और विभिन्न स्थानों पर उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसे पूर्ण राहत नहीं मिल सकी। बेहतर उपचार की उम्मीद में वह डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंची।
यहां सर्जन डॉ. रोहित तिवारी ने मरीज की जांच कर ऑपरेशन का निर्णय लिया। शनिवार को नवस्थापित क्रिटिकल केयर ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पहला ऑपरेशन किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
ऑपरेशन के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा, स्टाफ नर्स अनीता लाल, मेघा, मनोज तथा डॉ. सचिन सहित चिकित्सकीय टीम मौजूद रही। सभी ने समन्वय के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पहले सफल ऑपरेशन की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरीज राखी का हालचाल जाना, उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और ऑपरेशन करने वाली पूरी चिकित्सकीय टीम की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित क्रिटिकल केयर ब्लॉक शुरू होने से जनपद ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के गंभीर मरीजों को भी बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा।
अस्पताल प्रशासन ने इसे लोहिया चिकित्सालय के लिए एक नई शुरुआत बताते हुए कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के संचालन से अब जटिल सर्जरी और गंभीर मरीजों के उपचार में और अधिक सुविधा मिलेगी। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के शुभारंभ के साथ ही जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


