फर्रुखाबाद। शहर के आईटीआई चौकी क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर में साक्षी आश्रम से रेलवे क्रॉसिंग तक चल रहे नाला खुदाई कार्य के कारण रोजाना यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क संकरी होने और निर्माण कार्य के चलते बड़े वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक दिक्कत साक्षी आश्रम के निकट स्थित विद्यालय की छुट्टी के समय देखने को मिल रही है। स्कूल की छुट्टी होते ही बड़ी संख्या में छोटे बच्चे और छात्र-छात्राएं सड़क पार करते हैं, लेकिन मौके पर न तो ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ऐसे में निर्माण कार्य और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच बच्चों को सड़क पार करना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण कार्य आवश्यक है, लेकिन इसके दौरान यातायात प्रबंधन की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर जाम लगने से एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है। कई बार वाहन चालकों और राहगीरों के बीच विवाद जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल की छुट्टी के समय ट्रैफिक पुलिस या होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराई जा सके। साथ ही निर्माण कार्य स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की समस्या कम हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा और यातायात व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
श्याम नगर में नाला खुदाई बनी जाम का कारण, स्कूल छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा पर मंडराता खतरा


