फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में आने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों को व्हीलचेयर एवं स्ट्रेचर की पर्याप्त सुविधा न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों के तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल में जरूरत के अनुरूप व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मरीजों को गोद में उठाकर या सहारा देकर चिकित्सकों के कक्ष तक ले जाना पड़ता है।
अस्पताल की ओपीडी में औपचारिक रूप से व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की व्यवस्था होने का दावा किया जाता है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अधिकांश मरीजों को यह सुविधा समय पर नहीं मिल पाती। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को सबसे अधिक कठिनाई उठानी पड़ती है। कई बार तीमारदार अस्पताल परिसर में व्हीलचेयर की तलाश करते रहते हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगती है।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि गंभीर अवस्था में मरीज को एक विभाग से दूसरे विभाग तक ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। मजबूरी में उन्हें मरीज को कंधे का सहारा देकर या गोद में उठाकर ओपीडी और जांच कक्ष तक पहुंचाना पड़ता है। इससे न केवल मरीज की तकलीफ बढ़ती है, बल्कि तीमारदारों को भी भारी असुविधा होती है।
लोहिया अस्पताल में बुजुर्ग मरीजों को नहीं मिल रही व्हीलचेयर व स्ट्रेचर की सुविधा


