योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, ग्रामीण से औद्योगिक क्षेत्रों तक आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी नई ताकत
लखनऊ, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोकभवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश की अग्निशमन एवं आपात सेवा को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने 25 करोड़ 78 लाख 85 हजार रुपये की लागत से 44 वाटर टेंडर और 5 फोम टेंडरों के निर्माण एवं खरीद को प्रशासकीय और वित्तीय मंजूरी प्रदान कर दी।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों, शहरी इलाकों, औद्योगिक इकाइयों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सेवाओं की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार 5 नए 2500 लीटर क्षमता वाले वाटर टेंडर नई आवश्यकता के अनुरूप तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 39 पुराने और निष्प्रयोज्य हो चुके वाटर टेंडरों के स्थान पर नए 2500 लीटर क्षमता वाले वाटर टेंडर खरीदे जाएंगे। साथ ही 5 फोम टेंडर (5000+500 लीटर क्षमता) भी विभाग को उपलब्ध कराए जाएंगे। इन सभी वाहनों में आधुनिक चेसिस, हाई प्रेशर पंप, फैब्रिकेशन और आवश्यक अग्निशमन उपकरण लगाए जाएंगे।
सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश के घनी आबादी वाले मोहल्लों, संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, कस्बों, औद्योगिक क्षेत्रों, पेट्रोलियम एवं गैस प्रतिष्ठानों, रासायनिक इकाइयों, एयरपोर्ट, हेलीपैड तथा ज्वलनशील पदार्थों के गोदामों में आग लगने की स्थिति में तेजी से राहत पहुंचाने के लिए आधुनिक फायर टेंडरों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर बड़ी अग्निशमन गाड़ियां संकरी गलियों या तंग क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे स्थानों के लिए छोटे और अत्याधुनिक वाटर टेंडर अधिक उपयोगी साबित होंगे, जिससे आग पर शुरुआती चरण में ही प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से उत्तर प्रदेश की अग्निशमन एवं आपात सेवा और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।


