लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर तथा सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ की प्रबंध परिषद में नए नामित सदस्यों की घोषणा की है।
15 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार विधायक सुनील दत्त द्विवेदी को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर की प्रबंध परिषद का नामित सदस्य बनाया गया है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश विधानसभा द्वारा 30 अप्रैल 2026 को पारित प्रस्ताव के आधार पर की गई है।
कानपुर विश्वविद्यालय की प्रबंध परिषद के लिए विधायक नीलिमा कटियार (कानपुर नगर) और सुनील दत्त द्विवेदी सदर विधायक फर्रुखाबाद को नामित किया गया है। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ की प्रबंध परिषद में प्रसन्न कुमार (शामली) और अतुल प्रधान (मेरठ) को सदस्य बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी इस अधिसूचना पर प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतिलिपि संबंधित विश्वविद्यालयों, शासन के विभागों एवं अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।


