जलालाबाद (शाहजहाँपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगरिया की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर क्षेत्र के नागरिकों ने सांसद अरुण सागर को जनहित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल ही में एक गंभीर मरीज को समय पर समुचित उपचार नहीं मिलने और रेफर के दौरान ऑक्सीजन व्यवस्था में कथित खामियों के कारण उसकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है। इस घटना की स्थानीय स्तर पर भी चर्चा रही है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सीएचसी नगरिया में 24 घंटे आपातकालीन एवं कार्डियक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अस्पताल में प्रशिक्षित इमरजेंसी चिकित्सक, पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ तथा हृदय रोग विशेषज्ञ की नियमित उपलब्धता के साथ ईसीजी, ऑक्सीजन, सीपीआर और जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था हर समय बनी रहे।
इसके अलावा अस्पताल में स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, ईसीजी मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर, कार्डियक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर तथा पर्याप्त ऑक्सीजन सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उपकरणों की नियमित जांच तथा गंभीर मरीजों को रेफर करते समय कार्यशील ऑक्सीजन और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में जलालाबाद क्षेत्र के लिए ट्रॉमा, न्यूरो-ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित करने की भी मांग की गई, ताकि गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें अन्य जिलों के अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में उत्कर्ष परमार, गौरव प्रताप यादव, अभय परमार एवं पंकज वर्मा शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर सीएचसी नगरिया का निरीक्षण कराने तथा मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध


