‘मातृभूमि के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरित करता रहेगा’
लखनऊ। स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत और 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के अमर क्रांतिवीर मंगल पाण्डेय की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि मंगल पांडे ने विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष का जो बिगुल फूंका, उसने पूरे देश में स्वतंत्रता की चेतना का संचार किया। उनका अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणादायी विरासत है।
सीएम योगी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और देश की आजादी के लिए मंगल पांडे ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और वीरता आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से महान क्रांतिकारी के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और कर्तव्यनिष्ठा की भावना ही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मंगल पांडे को 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के प्रमुख नायकों में गिना जाता है। उनके साहसिक कदम ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ देशव्यापी विद्रोह की नींव रखी, जिसने आगे चलकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।


