फर्रुखाबाद। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार को मारपीट, साइबर ठगी, अवैध शराब, अपहरण और सड़क हादसे सहित विभिन्न मामलों में कई अभियोग दर्ज किए गए। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर सातनपुर नगला निवासी पूजा समेत तीन नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा तमंचे से हवाई फायरिंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी थाना क्षेत्र में साइबर हेल्प डेस्क की तहरीर पर अभय श्रीवास्तव, अनमोल शाक्य और अंकित शाक्य के खिलाफ आमजन से धोखाधड़ी कर बैंक खातों के माध्यम से अवैध धन अर्जित करने के आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
कायमगंज थाना पुलिस ने बुनियादपुर निवासी बृजेश को 12 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वहीं एक अन्य मामले में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और विरोध करने पर धमकी देने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में हरदोई निवासी गोविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं ट्रक की टक्कर से युवक की मौत के मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया।
मोहम्मदाबाद थाना में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा विरोध करने पर धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
शमसाबाद थाना क्षेत्र में छह लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में शैतान उर्फ नन्हें को 18 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
उधर साइबर क्राइम थाना फतेहगढ़ में ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने और एडवांस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में सुरजीत सिंह और उसके साथी नक्षत्र पाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


