शमशाबाद/फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैज बाग में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में चिकित्सक अमित कुमार की देखरेख में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य मेले में कुल 49 मरीजों का पंजीकरण किया गया। चिकित्सीय परीक्षण एवं परामर्श के बाद फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने मरीजों को आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों का वितरण किया। वहीं लैब टेक्नीशियन अलका ने 13 मरीजों की शुगर जांच कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।
महिला स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत एएनएम रूपम चतुर्वेदी ने महिला मरीजों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं को “हम दो, हमारे दो” का संदेश देते हुए छोटे परिवार के लाभ भी बताए।
इस अवसर पर चिकित्सक अमित कुमार ने कहा कि वर्तमान मौसम में गर्मी और उमस के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचने तथा सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के सफल संचालन में वार्ड बॉय राजा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।
इधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैज बाग के अलावा पासियापुर में फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में भी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद-चिलसरा में भी स्वास्थ्य मेला आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 49 मरीजों की हुई जांच, नि:शुल्क दवाइयां वितरित


