आगरा। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का आगरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। खेरागढ़ थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .32 बोर की 11 अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल, 10 अतिरिक्त मैगजीन और एक थार कार बरामद की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए हथियारों की खरीद-फरोख्त का पूरा नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उदयवीर सिंह निवासी हाथरस और यश शर्मा निवासी धौलपुर (राजस्थान) ऑन डिमांड मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। ग्राहक सोशल मीडिया के जरिए ऑर्डर देते थे और तय स्थान पर हथियारों की डिलीवरी की जाती थी।
बताया गया कि दोनों आरोपी अलीगढ़ के एक खरीदार को पिस्टलों की खेप देने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर सैफऊ बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान थार कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से हथियारों की तस्वीरें, ग्राहकों के साथ हुई चैट और लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस अब मोबाइल डेटा के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, खरीदारों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अवैध हथियारों का कारोबार चला रहा था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।


