फर्रुखाबाद, 9 जुलाई। नवाबगंज नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (स्वराज गुट) के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिस पर बिना पर्याप्त जांच के कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
महिला की तहरीर के अनुसार, 7 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने घर की छत पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका जेठ वहां पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला का कहना है कि घटना के बाद उसने नीचे आकर अपनी सास और जेठानी को पूरी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने उसकी बात सुनने के बजाय उसे ही डांट दिया। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन (स्वराज गुट) के जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता नवाबगंज थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद के मामले में बिना निष्पक्ष जांच के मुकदमा दर्ज किया गया है। विरोध स्वरूप कार्यकर्ता थाने परिसर में धरने पर बैठ गए।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार ने भाकियू पदाधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने महिला को भी थाने बुलाकर उसके आरोपों की जानकारी कार्यकर्ताओं के सामने सुनी। इसके बाद थाना प्रभारी ने बिना तथ्य जाने विरोध प्रदर्शन करने पर नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं से थाने का माहौल बाधित न करने की अपील की।
इसी दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय वर्मा भी थाने पहुंचे। उन्होंने भाकियू पदाधिकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की विवेचना निष्पक्ष रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


