33.9 C
Lucknow
Thursday, July 9, 2026

लगातार बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव से जनजीवन प्रभावित; किसानों को मिली बड़ी राहत

Must read

 

हाथरस
आधी रात से शुरू हुई बारिश 8 जुलाई की देर रात तक लगातार जारी रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। आपदा प्रबंधन समन्वयक लेखराज के अनुसार 14 जुलाई तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण अधिकतम तापमान घटकर 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।

बारिश का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। बुधवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को छाता और बरसाती का सहारा लेना पड़ा, जबकि कई निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। दूध, ब्रेड और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम रही और कारोबार पर असर पड़ा। शहर के कोतवाली परिसर, चामड़ गेट, मोहनगंज, कंचन नगर, रमनपुर, भट्टावाली गली, गणेशगंज, मेंडू गेट और अन्य निचले इलाकों में जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लगातार हुई लगभग 75 मिलीमीटर बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। बुधवार दोपहर तक ही 50 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। बारिश से खरीफ फसलों, विशेषकर धान की रोपाई करने वाले किसानों को बड़ा लाभ मिला है, क्योंकि अब उन्हें सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। दूसरी ओर सहपऊ क्षेत्र में बारिश के कारण 400 केवीए और 100 केवीए के दो ट्रांसफॉर्मर फुंक जाने से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों को अंधेरे के साथ-साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। बिजली विभाग ने दोनों ट्रांसफॉर्मर जल्द बदलने का आश्वासन दिया है।

बारिश ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। सहपऊ कस्बे के वार्ड संख्या-9, अहेरियाना और नई बस्ती सहित कई इलाकों में नालों की सफाई न होने के कारण एक से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नियमित सफाई न होने के कारण हर बारिश में यही समस्या सामने आती है। नगर पंचायत प्रशासन ने जल्द नालों की सफाई कराकर जलभराव की समस्या दूर करने का भरोसा दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article