बरेली
गुरुवार तड़के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 25 से ज्यादा यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में एक डेढ़ वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को जिला अस्पताल तथा आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी मोहम्मद परवेज ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। उनके डेढ़ साल के बेटे फैज का दिल्ली में इलाज चल रहा था। परवेज के अनुसार, सुबह करीब चार बजे अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई और चीख-पुकार मच गई। हादसे में उनकी पत्नी नगमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बेटे फैज का एक हाथ टूट गया और वह बेहोशी की हालत में है। स्वयं परवेज को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई थी। घायल नगमा ने आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


