अयोध्या: राम मंदिर (Ram Mandir) के चढ़ावा चोरी मामले (theft case) की जांच तेज हो गई है। मामले में जेल में बंद तीन आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को पुलिस रिमांड (Police remand) पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि तीनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ के दौरान कथित साजिश, चढ़ावे की रकम के लेनदेन, रकम के बंटवारे और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह अयोध्या पुलिस तीनों आरोपियों को जेल से निकालकर पुलिस लाइन लेकर पहुंची, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों को उन स्थानों पर भी ले जा सकती है, जहां कथित रूप से चढ़ावे की रकम का बंटवारा किया गया था। इसके अलावा आरोपियों के घरों और अन्य ठिकानों पर भी बरामदगी एवं साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की सभी कड़ियों को जोड़कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित गड़बड़ी में किन-किन लोगों की भूमिका रही और धन के लेनदेन का पूरा नेटवर्क क्या था।


