बागपत। अस्मिता लाल ने पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों को सुनवाई के बाद आम और अमरूद के पौधे भेंट किए गए।
डीएम अस्मिता लाल ने लोगों से अपील की कि वे पौधों को केवल उपहार न समझें, बल्कि उन्हें लगाकर उनकी नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंचे फरियादियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रशासन की सकारात्मक और प्रेरणादायी सोच बताया। आम और अमरूद जैसे फलदार पौधों के वितरण से लोगों में पौधरोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
जिले में हरित अभियान को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से प्रशासन की यह पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान जारी रहेंगे।


