39.5 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

दो नए खंड विकास अधिकारियों की तैनाती से दूर होगी कमी

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद में लंबे समय से चली आ रही खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) की कमी अब काफी हद तक दूर होने जा रही है। ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय द्वारा नवनियुक्त दो खंड विकास अधिकारियों श्वेता और फरहाना जीनत खान की तैनाती फर्रुखाबाद जनपद में की गई है। इनमें से खंड विकास अधिकारी श्वेता ने जनपद पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है, जबकि दूसरी अधिकारी के भी शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने की उम्मीद है। दोनों अधिकारियों को जल्द ही विकास खंडों का आवंटन किया जाएगा, जिससे रिक्त पदों पर नियमित व्यवस्था बहाल हो सकेगी।

वर्तमान समय में जनपद के बढ़पुर और कमालगंज विकास खंडों में बीडीओ के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। इन ब्लॉकों का कार्य अन्य विभागों के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर संचालित कराया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नवाबगंज के खंड विकास अधिकारी अमरेश चौहान का तबादला भी हो चुका है। उनकी रवानगी के बाद नवाबगंज का पद भी रिक्त हो जाएगा। वहीं कायमगंज, शमसाबाद और राजेपुर विकास खंडों में नियमित खंड विकास अधिकारी कार्यरत हैं।

जिले में बीडीओ की कमी के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत विकास योजनाओं सहित अन्य ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की निगरानी और क्रियान्वयन पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार संभालने के कारण कई बार विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं के समयबद्ध संचालन में भी कठिनाइयां आती थीं।

जिला विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम्य विकास आयुक्त ने दोनों नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। श्वेता ने जनपद में योगदान दे दिया है, जबकि दूसरी अधिकारी भी जल्द कार्यभार संभालेंगी। विकास खंडों का आवंटन प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दो नए खंड विकास अधिकारियों की तैनाती से ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों में तेजी आएगी। विकास योजनाओं की बेहतर निगरानी, समय पर क्रियान्वयन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही रिक्त पदों पर नियमित अधिकारियों की तैनाती होने से विकास खंडों के प्रशासनिक कार्यों में भी सुधार आने की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article