बस संचालक ने पीड़ित परिवार को मारपीट करने की दी धमकी, चौकी के बाहर महिलाओं ने किया हंगामा
फर्रुखाबाद। लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर संचालित कथित डग्गामार वाहनों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हरदोई जिले से आए एक यात्री ने बस संचालक दिलीप यादव और उसके चालक पर हजारों रुपये लेकर यात्रियों को बीच रास्ते में छोड़ देने तथा विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद रोडवेज चौकी और थाना कादरी गेट पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम परचोली निवासी संदीप मिश्रा अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ आनंद विहार (दिल्ली) जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड के बाहर खड़ी अनुबंधित बस संख्या यूपी-76 टी-5974 में सवार हुए। संदीप मिश्रा का आरोप है कि बस में बैठाने के नाम पर उनसे कुल 6,000 रुपये किराया लिया गया। इसके बाद बस चालक यात्रियों को छोड़कर रुपये लेकर फरार हो गया।
पीड़ित का कहना है कि घटना की जानकारी देने के लिए वह तत्काल रोडवेज चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान बस संचालक दिलीप यादव भी मौके पर पहुंच गए। संदीप मिश्रा का आरोप है कि जब उन्होंने चालक द्वारा रुपये लेकर फरार होने की शिकायत की और दिलीप यादव से पैसे वापस दिलाने की मांग की, तो उन्होंने मदद करने के बजाय मारपीट की धमकी दी।
सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना कादरी गेट बुलाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाल गेट रोडवेज बस स्टैंड के बाहर लंबे समय से डग्गामार और अनुबंधित बसों का संचालन हो रहा है। आरोप है कि इन बसों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जाता है, जबकि परिवहन विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई प्रभावी दिखाई नहीं देती।
रोडवेज बस स्टैंड पर डग्गामार बसों का आतंक! बस संचालक दिलीप यादव के चालक पर ठगी का आरोप


