इटावा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने राम धन गबन प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दे रही है और छोटे लोगों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दिखावा कर रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि “यह भाजपा की बेईमान सरकार है। बड़े स्तर पर गबन और भ्रष्टाचार करने वालों को बचाया जा रहा है, जबकि छोटे और कमजोर लोगों को जेल भेजकर सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कानून का इस्तेमाल सभी के लिए समान रूप से नहीं किया जा रहा, बल्कि सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने और आम लोगों पर कार्रवाई करने का काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर है तो उसे बिना किसी भेदभाव के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। केवल निचले स्तर के कर्मचारियों या छोटे लोगों पर कार्रवाई करने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा।
शिवपाल यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता सरकार के कामकाज को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और मनमानी बढ़ी है तथा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।


