अयोध्या। प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गुरुवार को अयोध्या पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह केवल पाप नहीं, बल्कि महापाप है।” उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर आने वाली श्रद्धा और दान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अक्षम्य है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि ऐसे कृत्य करने वालों को भगवान भी दंड देंगे और कानून के तहत भी उन्हें सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर आने वाले चढ़ावे का उपयोग केवल धर्म और जनकल्याण के कार्यों में होना चाहिए। श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है और दोषियों को उनके किए का परिणाम अवश्य भुगतना होगा।


