मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शनिवार सुबह प्लॉट के बैनामे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि पति प्रदीप चौहान ने अपनी पत्नी निशा चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रदीप और निशा ने अपनी कोठी के पास एक प्लॉट खरीदा था। लंबे समय से दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद चल रहा था कि प्लॉट का बैनामा किसके नाम कराया जाए। बताया जा रहा है कि निशा बैनामा अपने नाम कराना चाहती थी, जबकि प्रदीप इसे अपने नाम पर कराने की जिद पर अड़ा था। शनिवार सुबह करीब छह बजे इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने चाकू से निशा पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भी खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू की पुष्टि की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


