देवरिया
जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान 28 वर्षीय राजू शर्मा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आए सुधीर शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गुरुवार देर शाम नौतन हथियागढ़ चौराहे पर हुई थी, जहां हरेराम शर्मा और प्रदीप सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया, लेकिन देर रात दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज का सिलसिला जारी रहा, जिससे तनाव और बढ़ गया। इसी रंजिश ने अगले दिन सुबह हिंसक रूप ले लिया।
शुक्रवार सुबह प्रदीप सिंह का भतीजा अनुज, जो स्कूली बस चालक है, बच्चों को लेने के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने बस रोक ली, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अनुज ने कथित रूप से राजू शर्मा पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से राजू को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुधीर शर्मा को भी चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी अनुज सहित उसके परिवार के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी अश्वनी प्रधान ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


