अमृतपुर, फर्रुखाबाद
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बुधवार को कस्बा अमृतपुर स्थित संविलियन विद्यालय प्रथम की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाचार्य अजीत कुमार के नेतृत्व में निकली रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों और विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे लगाते हुए लोगों से प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील की।
प्रधानाचार्य अजीत कुमार ने बताया कि यह अभियान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, फर्रुखाबाद के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।रैली में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अभिभावकों से संवाद कर सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। अभियान के दौरान ग्राम सभा में भी लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में प्रधानाचार्य अजीत कुमार के साथ प्रभात सिंह, ब्रजेश कुमार, आकांक्षा गुप्ता, मधुरानी, संध्या दुबे, शिखा, अवंतिका यादव, शिखा श्रीवास्तव, प्रतिमा अवस्थी, सुशील कुमार, बृजनेश सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


