– राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर सरकार से किए तीखे सवाल
लखनऊ। किसान भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे अतुल प्रधान ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर सरकार और संबंधित लोगों पर तीखे सवाल उठाए।
मीडिया से बातचीत में सपा विधायक ने कहा कि यह मामला केवल किसी अर्दली या चपरासी तक सीमित नहीं हो सकता। उनका आरोप था कि चढ़ावे का पैसा कहीं और भी इस्तेमाल किया जा रहा था और इसकी निष्पक्ष एवं व्यापक जांच होनी चाहिए।
अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि चढ़ावे के पैसे से चंपत राय निवेश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में भी चंपत राय निवेश कर रहे हैं तथा करीब 200 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट उनके रिश्तेदार द्वारा विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सपा विधायक ने यह भी सवाल उठाया कि यदि अवैध निर्माण और अन्य मामलों में मकान गिराने की कार्रवाई की जाती है, तो चढ़ावे के पैसे में कथित गड़बड़ी के आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कब होगी।
इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और आधिकारिक निष्कर्ष के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।


