फर्रुखाबाद। जिले के प्रतिष्ठित व्यापारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस–2026 कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर राज्य कर विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक नागेंद्र सिंह राठौर एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिले के विभिन्न व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इसी क्रम में फ्रेंड्स होंडा के स्वामी सुशित कटियार को व्यापार एवं समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर सुशित कटियार ने राज्य सरकार, राज्य कर विभाग एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


