लखनऊ ।ओम प्रकाश Rajbhar ने सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में समाजवादी पार्टी समर्थकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समर्थकों का एक वर्ग “लाठी को तेल पिला रहा है”, जबकि दूसरा “चाकू और तलवार में धार लगा रहा है”।
राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि कुछ लोग सरकार बदलने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उन्हें ऐसा अवसर नहीं मिलने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सत्ता परिवर्तन हुआ तो गुंडे, मवाली और माफिया फिर से थानों पर कब्जा कर लेंगे और कानून-व्यवस्था प्रभावित होगी।
कैबिनेट मंत्री ने आगे दावा किया कि ऐसी स्थिति में सबसे अधिक नुकसान बहुजन समाज और कमजोर वर्गों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि कुछ लोग जमीनों पर “गिद्ध की तरह नजर” लगाए बैठे हैं और अवसर मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने समर्थकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर मौका नहीं देगी। उनके इस बयान को प्रदेश की सियासत में एक बड़ा राजनीतिक हमला माना जा रहा है।
दूसरी ओर, इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए प्रदेश में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है।


