लखनऊ। राजधानी के इटौंजा थाना क्षेत्र स्थित महोना कस्बे में शनिवार को मोहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस देखने के लिए मकान के छज्जे पर खड़े लोगों के ऊपर अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मकानों की छतों और छज्जों पर खड़े थे। इसी दौरान एक मकान का छज्जा अचानक ढह गया, जिससे वहां मौजूद लोग नीचे गिर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह छज्जे का कमजोर होना और उस पर क्षमता से अधिक लोगों का एकत्र होना माना जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और आसपास के पुराने एवं जर्जर भवनों का भी निरीक्षण कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे महोना कस्बे में शोक का माहौल है।


