लखनऊ। राजधानी के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के समय सेंटर के भीतर मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक आग लगने के दौरान सेंटर में एक महिला, दो किशोरियां और चार कर्मचारी मौजूद थे। धुआं उठता देख अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों ने तत्काल सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और बिजली आपूर्ति बंद कराई।
बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले बिजली विभाग को ट्रिपिंग की सूचना भी दी गई थी। इसके बावजूद कुछ देर बाद शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे आग बुझाने में विलंब हुआ।
अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने शुरुआती प्रयासों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाया और आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे परिसर की विद्युत व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। हाल के दिनों में प्रदेश में अस्पतालों और व्यावसायिक भवनों में आग की घटनाओं के बाद यह मामला भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।


