– पांचाल घाट पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं में चिंता
फर्रुखाबाद। जनपद के थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पंचाल घाट पर शुक्रवार को गंगा नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां दिखाई देने से हड़कंप मच गया। गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने नदी में तैरती मरी मछलियों को देखकर चिंता जताई और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की नजर नदी में तैरती मछलियों पर पड़ी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा जैसी पवित्र नदी में इस तरह मछलियों का मृत अवस्था में मिलना पर्यावरण और जल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से मामले की जांच कराने की मांग की है। आशंका जताई जा रही है कि पानी में ऑक्सीजन की कमी, प्रदूषण या किसी अन्य कारण से मछलियों की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मछलियों के मरने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा जल के नमूनों की जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार का प्रदूषण या अन्य कारण सामने आता है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं ने गंगा नदी की स्वच्छता और जलजीवों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की है।


