फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बरौन गांव के पास गुरुवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के कलौली गांव निवासी 35 वर्षीय दिनेश पुत्र बेचेलाल और 25 वर्षीय प्रदीप पुत्र इंद्रपाल बरौन गांव दवा लेने आए थे। देर रात दवा लेकर बाइक से घर लौटते समय बरौन गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रदीप राजपूत ने बताया कि दिनेश के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं प्रदीप का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घायल प्रदीप ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई दिनेश के साथ दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आई दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।


