क्रासर
चार बच्चों की मां से प्रेम प्रसंग का मामला, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
कायमगंज, फर्रुखाबाद। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक द्वारा 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़े युवक के कारण घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और लंबी बातचीत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज के गालिब पुलिया के निकट स्थित लगभग 200 फीट ऊंचे वोडाफोन टावर पर बुधवार शाम करीब छह बजे एक युवक चढ़ गया। उस समय टावर परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। बताया जाता है कि युवक दीवार के सहारे परिसर में घुसा और सीधे टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी टावर कर्मचारियों को हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
टावर पर चढ़े युवक ने स्वयं भी डायल-112 पर फोन कर अपनी मौजूदगी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस लगातार युवक से नीचे उतरने की अपील करती रही, लेकिन वह अपनी मांग को लेकर अड़ा रहा।
बाद में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम चंदन शेखावत पुत्र मोहन लाल निवासी दौरी हाड़, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) बताया। उसने बताया कि वह कायमगंज के एक होटल में कार्य करता है और नगर की रहने वाली एक शादीशुदा महिला, जो चार बच्चों की मां है, से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है।
युवक का कहना था कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया कि वह नीचे आ जाए और बाद में उसकी बात कराई जाएगी, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। उसने यह भी बताया कि उसकी प्रेमिका वर्तमान में गाजियाबाद में रह रही है। युवक ने पुलिस से यहां तक कह दिया कि वह गाजियाबाद जाकर उसकी प्रेमिका को बुला लाए, जिसका किराया वह स्वयं देगा।
इस दौरान युवक ने अपने और महिला के साथ की कई तस्वीरों की फोटो कॉपी नीचे फेंकी, जिन पर उसने अपना मोबाइल नंबर भी लिखा था। पुलिस ने सभी फोटो कॉपियां अपने कब्जे में ले लीं। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए टावर के नीचे गद्दे बिछवाए गए तथा सुरक्षा के लिए तिरपाल भी लगवाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लगातार फोन पर युवक से वार्ता की और धैर्यपूर्वक उसे समझाने का प्रयास किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।
युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपने साथ कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू की। बाद में महिला की सास तथा एक अन्य व्यक्ति भी कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर वार्ता की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के टावर पर चढ़ने के कारणों तथा परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर प्रेम प्रसंगों को लेकर होने वाले ऐसे खतरनाक कदमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस और प्रशासन सक्रिय न होता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
प्रेमिका को बुलाने की जिद में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा


