– केडीए ने कोचिंग सेंटर और रेस्टोरेंट किया सील
देर रात सील खोले जाने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
कानपुर। लखनऊ अग्निकांड के बाद अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी मानकों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए ) ने जाजमऊ स्थित एक भवन में संचालित कोचिंग सेंटर और रेस्टोरेंट को सील कर दिया। यह भवन विधानसभा अध्यक्ष ** के भाई का बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित भवन में तीन कोचिंग संस्थान और एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहे थे। निरीक्षण के दौरान कथित अनियमितताएं मिलने पर केडीए ने सीलिंग की कार्रवाई की।
इस बीच देर रात सील हटाकर कुछ समय की मोहलत दिए जाने की चर्चा भी सामने आई। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष के भाई बिट्टू महाना ने भवन पर हुई सीलिंग की कार्रवाई की पुष्टि की, लेकिन सील खोले जाने की जानकारी से इनकार किया।
प्रशासन की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि सील हटाई गई या नहीं। वहीं, मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में होटल, कोचिंग संस्थान, अस्पताल, मॉल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी तथा भवन मानकों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


