प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोमवार को आठ छात्र आमरण अनशन पर बैठ गए। छात्रों का कहना है कि वे बीते 10 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं की गई।
आंदोलनरत छात्रों की प्रमुख मांगों में फीस वृद्धि वापस लेना, सीट कटौती का समाधान, विश्वविद्यालय हेल्थ सेंटर की व्यवस्था में सुधार, जर्जर लाइब्रेरी की समस्याओं का समाधान, स्थायी कुलानुशासक की नियुक्ति, नई लाइब्रेरी की व्यवस्था और विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शामिल है।
छात्र आशुतोष मौर्य का कहना है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष छात्र समस्याओं को उठाया जा रहा है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण छात्रों को आमरण अनशन का निर्णय लेना पड़ा।
सोमवार को लाइब्रेरी गेट पर आठ छात्र आमरण अनशन पर बैठे। आंदोलनरत छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित से जुड़े सभी मुद्दों पर तत्काल वार्ता कर ठोस और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
आमरण अनशन पर
आशुतोष मौर्य, आयुष महात्मा, रोशन माहिर, ऋषि, अमित यादव, राकेश, अंश और आकर्ष पटेल आदि बैठे हैं ।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रहित की मांगों को लेकर 8 छात्र आमरण अनशन पर


