43.8 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

सभासद अतीक के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Must read

 

उन्नाव। चर्चित साधु हत्याकांड के बाद प्रशासन ने आरोपित सभासद अतीक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बांगरमऊ-बिल्हौर बाईपास स्थित उसके कथित अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सभासद अतीक द्वारा करीब 3 बिस्वा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायतें थीं। जांच में कब्जा अवैध पाए जाने के बाद नगर पालिका ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया गया।
बताया जा रहा है कि जिस हाते को लेकर कार्रवाई की गई है, उसी परिसर में साधु मिलनदास की हत्या की घटना हुई थी। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित संपत्तियों और कब्जों की जांच शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहला मौका नहीं है जब अतीक के हाते पर प्रशासनिक कार्रवाई हुई हो। इससे पहले भी उसके कब्जे और निर्माण को लेकर बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है। हालांकि, साधु हत्याकांड के बाद प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
मौके पर नगर पालिका बांगरमऊ के अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।
बांगरमऊ-बिल्हौर बाईपास पर हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं साधु मिलनदास हत्याकांड की जांच भी पुलिस द्वारा जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article